यू मुम्बा की रोमांचक और हरियाणा स्टीलर्स की धमाकेदार जीत।
प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन (PKL 11) में 10 नवंबर से नोएडा लेग की शुरुआत हुई और पहले दिन दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में यू मुम्बा ने रोमांचक मुकाबले में यूपी योद्धा को 35-33 से हराया, वहीं दूसरे मैच में हरियाणा स्टीलर्स ने गुजरात जायंट्स को 39-23 से एकतरफा मुकाबले में हराया। यू मुम्बा की टीम अंक तालिका में दूसरे स्थान पर कायम है, वहीं जीत के साथ हरियाणा स्टीलर्स की टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
पहले मैच में यू मुम्बा ने रेडर अजित चव्हाण के 8 पॉइंट की मदद से 2 अंक से करीबी जीत दर्ज की। कप्तान सुनील कुमार ने डिफेंस में बढ़िया खेल दिखाते हुए 4 टैकल पॉइंट लिए, वहीं परवेश भैंसवाल और रिंकू ने 3-3 टैकल पॉइंट लेकर कप्तान का बखूबी साथ दिया। यूपी योद्धा की तरफ से भरत ने मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 पॉइंट लिए, जिसमें 10 रेड पॉइंट थे लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। यूपी योद्धा की डिफेंस में सिर्फ हितेश ही 4 टैकल पॉइंट लेकर प्रभावित कर सके।
दूसरे मैच में हरियाणा स्टीलर्स की डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन किया और उसकी बदौलत ही गुजरात जायंट्स को उन्होंने बुरी तरह हराया। हरियाणा के राइट कॉर्नर राहुल ने जबरदस्त हाई 5 लगाया और मैच में 8 टैकल पॉइंट लिए। उनके अलावा मोहम्मदरेजा शादलू ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मैच में 7 पॉइंट (3 रेड और 4 टैकल) पॉइंट लिए। रेडिंग में विनय ने सबसे ज्यादा 7 रेड पॉइंट हासिल किए। गुजरात जायंट्स की तरफ से ज्यादातर खिलाड़ी आज फ्लॉप रहे और यही उनकी बड़ी हार का प्रमुख कारण था। डिफेंस में सिर्फ जितेंद्र यादव ने 6 टैकल पॉइंट लेकर प्रभावित किया।
PKL 11 पॉइंट्स टेबल:
अंक तालिका में पुनेरी पलटन और यू मुम्बा की टीम अभी भी टॉप 2 में बनी हुई है, वहीं हरियाणा स्टीलर्स की टीम तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। आज का मैच हारने वाली यूपी योद्धा सिर्फ 3 जीत के साथ 10वें स्थान पर है, वहीं 7 मैच में सिर्फ 1 जीत के साथ गुजरात जायंट्स की टीम आखिरी स्थान पर बनी हुई है।
ग्रीन बैंड की रेस में आशु मलिक टॉप पर:
रेडर्स की लिस्ट में आशु मलिक अभी भी 97 पॉइंट के साथ टॉप पर हैं। वहीं पवन सहरावत 88 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पटना पाइरेट्स के देवांक 87 पॉइंट के साथ अब तीसरे स्थान पर हैं और जयपुर पिंक पैंथर्स के अर्जुन देशवाल 73 पॉइंट के साथ चौथे स्थान पर हैं। यू मुम्बा के अजीत चव्हाण 8 मैच में 66 पॉइंट के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
1. आशु मलिक (दबंग दिल्ली) – 97 पॉइंट्स
2. पवन सहरावत (तेलुगु टाइटंस) – 88 पॉइंट्स
3. देवांक (पटना पाइरेट्स) – 87 पॉइंट्स
4. अर्जुन देशवाल (जयपुर पिंक पैंथर्स) – 73 पॉइंट्स
5. अजीत चव्हाण (यू मुम्बा) – 66 पॉइंट्स
ऑरेंज बैंड की रेस में टॉप पर कौन?
टॉप डिफेंडर की रेस में पुनेरी पलटन के गौरव खत्री 33 पॉइंट के साथ टॉप पर बने हुए हैं। वहीं यूपी योद्धा के सुमित 29 पॉइंट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। बेंगलुरु बुल्स के नितिन रावल 26 पॉइंट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। चौथे स्थान पर 25-25 पॉइंट के साथ बंगाल वॉरियर्स के फज़ल अत्राचली और तमिल थलाइवाज के साहिल गुलिया संयुक्त रूप से मौजूद हैं।
1. गौरव खत्री (पुनेरी पलटन) – 33 पॉइंट्स
2. सुमित (यूपी योद्धा) – 29 पॉइंट्स
3. नितिन रावल (बेंगलुरु बुल्स) – 26 पॉइंट्स
4. फजल अत्राचली (बंगाल वॉरियर्स) – 25 पॉइंट्स
5. साहिल गुलिया (तमिल थलाइवाज) – 25 पॉइंट्स
For more updates, follow Khel Now Kabaddi on Facebook, Twitter, Instagram; download the Khel Now Android App or IOS App and join our community on Whatsapp & Telegram.

